अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर के एक निर्माण व्यवसायी को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नारपोली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी दंपति अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, नारपोली गांव निवासी निर्माण व्यवसायी गोपी तिरुपति मार्गम का वर्ष 2012 से 2017 के बीच नवीन कुमार राजाराम चिंतला के साथ आर्थिक लेन-देन था। वर्ष 2017 में 36.50 लाख रुपये से जुड़ा यह विवाद नोटरी के माध्यम से समाप्त कर दिया गया था।
इसके बावजूद वर्ष 2022 में आरोपी नवीन कुमार चिंतला ने व्हाट्सऐप पर रिवॉल्वर के साथ अपनी फोटो भेजकर 1 करोड़ रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, इस संबंध में पहले भिवंडी सिटी पुलिस स्टेशन में एनसी भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन धमकियों का सिलसिला नहीं रुका।
शिकायत के अनुसार, जब पीड़ित अपने गांव गया तो आरोपी ने फिर 20 लाख रुपये की मांग की। भय के कारण उसने 10 लाख रुपये नकद देने की सहमति जताई। इसके बाद फरवरी 2025 में धमकियां और तेज हो गईं। भवन निर्माण कार्य शुरू होते ही आरोपी ने अपने सहयोगी के जरिए 50 लाख रुपये की मांग करवाई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोप है कि हैदराबाद स्थित आरोपियों के घर पर बातचीत के दौरान 40 लाख रुपये की मांग की गई। 9 फरवरी 2025 को एक अज्ञात नंबर से फिर हथियार के साथ फोटो भेजी गई, जबकि 21 फरवरी को फोन कर गाली-गलौज करते हुए पैसे मांगे गए।
आखिरकार पीड़ित ने नारपोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद क्राइम विभाग ने जांच शुरू की। जांच में सिकंदराबाद-बोईनपल्ली निवासी नवीन कुमार चिंतला (52), उनकी पत्नी लया चिंतला (45) और जगित्याल जिले के मेटपल्ली निवासी अल्ले नागराजू (50) की पहचान की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अल्ले नागराजू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी दंपति के विदेश भागने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों की भिवंडी और तेलंगाना में जमीन कब्जा, ब्लैकमेलिंग और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसे मामलों में क्या भूमिका रही है।
नारपोली पुलिस ने इस मामले में 2023 के कानून की धाराएं 308(5), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर विजय त्रिंबक कडबाने के नेतृत्व में विशेष टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
इस घटना के बाद भिवंडी के व्यापारी वर्ग में डर और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

