सड़क किनारे कचरा जलाने से लोगों में नाराजगी, स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा

ठाणे भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर से सटे काटई ग्राम पंचायत क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे भारी मात्रा में कचरा फेंके जाने और उसे रोजाना जलाए जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। नागरिकों ने इसे स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, काटई गांव के बाहर शहर को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क के किनारे इन दिनों बड़ी मात्रा में गीला और सूखा कचरा डाला जा रहा है। आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा इस कचरे को समय पर उठाने के बजाय हर सुबह उसमें आग लगा दी जाती है। बाद में जले हुए कचरे को ट्रक में भरकर ले जाया जाता है।

लोगों का कहना है कि जिस समय कचरा जलाया जाता है, उसी दौरान काटई रोड पर छात्रों, कर्मचारियों, यात्रियों और पैदल चलने वालों की आवाजाही सबसे ज्यादा रहती है। ऐसे में कचरे से उठने वाला धुआं राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि लगातार धुएं के संपर्क में रहने से सांस और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दमा के मरीजों के लिए यह स्थिति ज्यादा चिंताजनक बताई जा रही है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश पाटिल ने ग्राम पंचायत प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और कचरे का वैज्ञानिक एवं उचित स्थान पर निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

इलाके के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *