विधायक महेश चौघुले ने विकास कार्यों को दी रफ्तार,

भिवंडी

तीन बड़े प्रकल्पों का उद्घाटन व निरीक्षण
मच्छी मार्केट भवन का लोकार्पण, पीली स्कूल पुनर्निर्माण और निजामपुर रोड कंक्रीटीकरण कार्य की समीक्षा

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक महेश चौघुले ने सोमवार को तीन महत्वपूर्ण प्रकल्पों का निरीक्षण और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत तीनबत्ती स्थित मच्छी मार्केट के नवनिर्मित भवन के विधिवत उद्घाटन से हुई। विधायक महेश चौघुले के विकास निधि से निर्मित इस भवन के शुरू होने से स्थानीय मछली विक्रेताओं और आसपास के नागरिकों को आधुनिक व सुव्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी। लंबे समय से इस भवन के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

इसके बाद विधायक ने निजामपुर स्थित पीली स्कूल के पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए उनके द्वारा 5 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

इसके पश्चात विधायक महेश चौघुले ने निजामपुर रोड के कंक्रीटीकरण कार्य का भी साइट विजिट कर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

इस अवसर पर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के महापौर नारायण चौधरी, स्थानीय नगरसेवक बाबा बाऊद्दीन सहित महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

विधायक महेश चौघुले ने कहा, “क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी ऐसे विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *