भिवंडी में 24 घंटे पानी सप्लाई रहेगी बंद, कई इलाकों में कम दबाव से मिलेगी जलापूर्ति

भिवंडी


प्री-मानसून मेंटेनेंस के चलते मनपा की अहम सूचना, नागरिकों से पानी स्टोर करने की अपील

अब्दुल गनी खान

भिवंडी, भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका ने शहरवासियों के लिए अहम सूचना जारी करते हुए बताया है कि 24 घंटे तक पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। यह शटडाउन स्टेम वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन एंड कंपनी द्वारा प्री-मानसून मेंटेनेंस और मरम्मत कार्य के चलते लिया जा रहा है, जिससे शहर के कई इलाकों में जल संकट की स्थिति बन सकती है।

मनपा के अनुसार, शनिवार 11 अप्रैल 2026 सुबह 9 बजे से रविवार 12 अप्रैल 2026 सुबह 9 बजे तक स्टेम प्राधिकरण की ओर से पानी आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान भिवंडी शहर को मिलने वाली स्टेम जलापूर्ति ठप रहेगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शटडाउन समाप्त होने के बाद अगले एक दिन तक पानी कम दबाव और कम मात्रा में उपलब्ध होगा, जिससे नागरिकों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इस शटडाउन का असर शहर के ममता टाकी, चार्विद्रा गांव, पटेल नगर, नारपोली, शिवाजीनगर, कल्याण रोड, अंजूरफाटा, देवजीनगर, इस्लामपुरा, अवचितपाडा, म्हाडा कॉलोनी, शास्त्रीनगर, नेहरूनगर, मिल्लतनगर, कोटरगेट, कणेरी, पद्यानगर, अशोकनगर, भादवड और टेमघर समेत दर्जनों इलाकों पर पड़ेगा।

पानी आपूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप जी. पटनावर ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें और इस अवधि में पानी का उपयोग सोच-समझकर करें। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई धीरे-धीरे सामान्य की जाएगी, लेकिन कुछ क्षेत्रों में एक दिन तक कम दबाव से पानी मिल सकता है।

मनपा प्रशासन ने नागरिकों से जल संकट के दौरान संयम बरतने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है। जलापूर्ति बंद रहने की सूचना के बाद कई इलाकों में लोगों ने पानी संग्रह की तैयारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *