अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर के फातिमानगर इलाके में रविवार को अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। 100 फुट रोड स्थित दो गोदामों में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, एक गोदाम में बड़ी मात्रा में स्क्रैप सामग्री और कपड़ों की चिंदी रखी हुई थी, जबकि दूसरे गोदाम में ड्राई फ्रूट का स्टॉक रखा था। इसी गोदाम में गारमेंट यूनिट भी संचालित की जा रही थी, जहां शर्ट सिलाई का काम होता था। कपड़े और ज्वलनशील सामान अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया।
अग्निशमन दल के कर्मचारी नितिन लाड ने बताया कि गोदाम में चिंदी और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग तेजी से फैली, हालांकि समय रहते मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित कर लिया गया।
स्थानीय नगरसेवक साजू सिद्दीकी ने कहा कि घटना गंभीर है और आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। गोदाम मालिक मोहम्मद यूसुफ ने भी लाखों रुपये के नुकसान की पुष्टि की है।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

