भिवंडी में डॉ. आंबेडकर जयंती जुलूस मार्ग पर पुलिस का रूट मार्च, डीसीपी ने संभाली कमान

भिवंडी

20 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान, शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

अब्दुल गनी खान भिवंडी
भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर भिवंडी में निकलने वाले भव्य जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी के मद्देनजर सोमवार शाम डीसीपी शशिकांत बोराटे के नेतृत्व में जुलूस मार्ग पर भव्य रूट मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और एसआरपी जवान तैनात रहे।

कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से निकाला गया यह रूट मार्च धामणकर नाका से शुरू होकर गैरीपाड़ा, धांगे अस्पताल, तीनबत्ती, कोटरगेट मस्जिद होते हुए मनपा मुख्यालय के पास जाकर समाप्त हुआ।

रूट मार्च में डीसीपी बोराटे के साथ दो सहायक पुलिस आयुक्त, शहर के सभी छह पुलिस थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, 16 पुलिस अधिकारी, 185 पुलिसकर्मी, महिला पुलिस बल के अलावा एसआरपी स्ट्राइकिंग फोर्स, जोन-2 स्ट्राइकिंग टीम और आरसीपी दस्ता शामिल रहा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भिवंडी जैसे संवेदनशील शहर में डॉ. आंबेडकर जयंती का जुलूस हर साल बड़े उत्साह और भारी भीड़ के साथ निकलता है। इसी को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।

20 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान

डीसीपी शशिकांत बोराटे ने बताया कि भिवंडी में डॉ. आंबेडकर जयंती बड़े धूमधाम से मनाई जाती है। इस अवसर पर धामणकर नाका से भव्य जुलूस और झांकियां निकाली जाती हैं, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मनपा मुख्यालय के पीछे स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर समाप्त होती हैं।

उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों से भी कई जुलूस मुख्य जुलूस में शामिल होते हैं। इस बार करीब 20 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

डीसीपी ने कहा कि जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए शहर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। वहीं शहरभर में आंबेडकर जयंती को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और जगह-जगह भारतरत्न डॉ. आंबेडकर की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं।

पुलिस की सक्रियता का असर इससे पहले हनुमान जयंती के दौरान भी देखने को मिला, जहां पूरे शहर में त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *