बाबासाहेब के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि: महापौर नारायण चौधरी

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को समाज में आत्मसात करना और उन्हें अपने जीवन में अपनाना ही उनकी जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बात भिवंडी मनपा के महापौर नारायण चौधरी ने कही।

वे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मनपा मुख्यालय में आयोजित ‘सामाजिक समता सप्ताह’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में महापौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बाबासाहेब की प्रतिमा और मनपा परिसर में स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपमहापौर तारिक मोमिन, आयुक्त अनमोल सागर, अतिरिक्त आयुक्त नयना ससाणे, उपायुक्त विक्रम दराडे सहित पूर्व पार्षद विकास निकम, पार्षद रोहिदास वाघमारे, एडवोकेट वैभव भोईर और बड़ी संख्या में मनपा अधिकारी तथा भीम अनुयायी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान मनपा की ओर से अतिथियों को ‘संविधान की प्रस्तावना’ का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में महापौर नारायण चौधरी ने कहा कि बाबासाहेब के शिक्षा, नशाबंदी और सामाजिक सुधार जैसे विचारों पर अक्सर भाषण तो दिए जाते हैं, लेकिन उन्हें व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि मनपा के सभी अधिकारी और कर्मचारी बाबासाहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज और शहर दोनों का निश्चित रूप से विकास संभव है।

उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. आंबेडकर ने किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के उत्थान के लिए कार्य किया था, और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *