अब्दुल गनी खान
भिवंडी। डॉ. भीमराव आंबेडकर के जन्मदिवस के अवसर पर भिवंडी में सुप्रिया स्वाधार महिला सामाजिक संस्था की ओर से भारतीय संविधान की प्रतियों का वितरण किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न मंडल अध्यक्षों और भीम सैनिकों का सम्मान भी किया गया।

संस्था की अध्यक्षा स्वाती कांबले ने उपस्थित लोगों को शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा उन्हें भारतीय संविधान की प्रति भेंट की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर ने देश को संविधान दिया, लेकिन आम नागरिकों को इसके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
स्वाती कांबले ने कहा कि जब नागरिकों को अपने अधिकारों की समझ होगी, तभी वे अपने हक के लिए सही तरीके से आवाज उठा सकेंगे। इसी उद्देश्य से संस्था की ओर से संविधान की प्रतियां वितरित कर जागरूकता अभियान चलाया गया है।

कार्यक्रम में भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौगुले, महापौर नारायण चौधरी, भाजपा अध्यक्ष रवि सावंत, एडवोकेट रितेश टावरे, एनसीपी (अजित गुट) अध्यक्ष प्रवीण पाटील, नगरसेवक वनिता भगत, सुनील भगत, सुरेश म्हस्के सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों और समाजसेवियों का भी संस्था की ओर से सत्कार किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और इसे सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

