नागपुर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस उपनिरीक्षक पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

महाराष्ट्र

कलमना थाना क्षेत्र के गोपाल नगर में वारदात, पुलिस ने की नाकाबंदी; सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं

महाराष्ट्र नागपुर:
नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र के गोपाल नगर में बुधवार रात ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हमले में पुलिस उपनिरीक्षक सचिन वाकलेकर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक सचिन वाकलेकर अपने साथियों के साथ क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान गोपाल नगर इलाके में दो-तीन लोगों के बीच विवाद और झगड़े की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बिना नंबर की दोपहिया वाहन पर सवार कुछ युवकों ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक किया था, जिसके बाद कहासुनी बढ़कर झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि जब उपनिरीक्षक वाकलेकर ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराने की कोशिश की, तभी एक हमलावर ने अचानक चाकू निकालकर उनके गले पर वार करने का प्रयास किया। हालांकि उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए वार को टाल दिया, लेकिन चाकू उनके कंधे पर लग गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी दोपहिया वाहन से मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल कलमना थाना पुलिस हत्या के प्रयास और सरकारी कर्मचारी पर हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *