26.71 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त, स्कॉर्पियो और बाइक भी पुलिस के कब्जे में
विशेष संवाददाता पुणे महाराष्ट्र:
पुणे के विमानतल पुलिस स्टेशन की जांच टीम को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एमडी ड्रग्स की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 26 लाख 71 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। इस कार्रवाई से इलाके में ड्रग्स कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच पथक के जवान हरी पुंडे और लालू कर्हे को खुफिया सूत्रों से सूचना मिली थी कि फॉरेस्ट पार्क रोड इलाके में एक युवक मादक पदार्थ बेचने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर संदिग्ध प्रीतम कुलकर्णी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.59 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे संदिग्ध उबेद अंसार खान को भी गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 4 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से बरामद ड्रग्स, वाहन और अन्य सामान सहित कुल 26 लाख 71 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और सह पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व विमानतल पुलिस स्टेशन के निरीक्षक शरद शेलके और उपनिरीक्षक नितीन राठोड ने किया। उनके साथ जांच पथक की विशेष टीम ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क से तो नहीं है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शहर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

