भिवंडी से देहरादून भेजे गए 44 लाख के केमिकल में हेराफेरी, ड्रम खोलकर माल बदलने का खुलासा, जांच शुरू

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के रहनाल इलाके में स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में केमिकल माल की हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देहरादून भेजे गए करीब 44 लाख रुपये मूल्य के महंगे केमिकल पाउडर को रास्ते में ही बदल दिए जाने का खुलासा होने से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मुंबई के वडाला निवासी निमेश नानक केसरवानी (45) का भिवंडी के मोरेश्वर कंपाउंड स्थित विनय रोडलाइंस ट्रांसपोर्ट में 41 ड्रमों में “एम्पोरियम एचसीएल वेटरनरी रॉ मटेरियल” नामक केमिकल पाउडर देहरादून की रूबी फार्मा को भेजने के लिए बुक किया गया था। प्रत्येक ड्रम का वजन 1025 किलो बताया गया है। कुल माल की कीमत 44 लाख 85 हजार 712 रुपये आंकी गई थी।

आरोप है कि 5 जनवरी से 3 फरवरी के बीच अज्ञात लोगों ने ड्रमों के ढक्कन खोलकर उनमें भरे महंगे केमिकल को निकाल लिया और उसकी जगह सस्ते पाउडर से भरकर ड्रमों को दोबारा सील कर दिया, ताकि किसी को शक न हो। यह गड़बड़ी उस समय सामने आई जब माल अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचा और जांच के दौरान अंतर पाया गया।

इसके बाद ट्रांसपोर्ट मालिक की शिकायत पर 15 अप्रैल को नारपोली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3) और 318(2) के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि भिवंडी के रहनाल और आसपास का क्षेत्र ट्रांसपोर्ट और वेयरहाउसिंग का बड़ा केंद्र माना जाता है, जहां से देशभर में माल की आवाजाही होती है। इस घटना के बाद व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *