32 मोबाइल, 46 एटीएम कार्ड, 40 सिम कार्ड और 4 लैपटॉप जब्त
वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर बैंक खाते हासिल करने का आरोप
अब्दुल गनी।भिवंडी
भिवंडी में भोईवाड़ा पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुंबई के गोरेगांव स्थित आरे कॉलोनी के रॉयल पाम परिसर में छापा मारकर आरोपियों के पास से 32 मोबाइल फोन, 46 एटीएम कार्ड, 40 सिम कार्ड और 4 लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, लोगों को वर्क फ्रॉम होम के जरिए कमाई का लालच देकर उनके बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल किए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, भिवंडी के अल्फा कॉम्प्लेक्स निवासी 28 वर्षीय नावेद जावेद शेख ने 17 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर भोईवाड़ा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 461/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(2) में मामला दर्ज किया गया।जांच में सामने आया कि भगवानदास नामक व्यक्ति ने कंपनी शुरू करने का झांसा देकर सात लोगों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल किए थे। आरोप है कि इनका इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग साइटों के माध्यम से पैसों के लेन-देन और कथित धोखाधड़ी में किया गया।तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के मुंबई के गोरेगांव स्थित आरे कॉलोनी के रॉयल पाम परिसर में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने कमरे में छापा मारा, जहां अनिकेत यादव, रमेश मंडल, खिलेश यादव, कुंदन यादव, राजाराम राऊत, अतिश यादव, अशोक यादव, दिलीप यादव, जितेंद्र यादव और संडू यादव कथित तौर पर लैपटॉप के जरिए Khiladi000003 और anna555 नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सट्टेबाजी से जुड़ी गतिविधियां करते मिले।पुलिस ने सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपियों को 26 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते कर रहे हैं।

