119 बोतलें जब्त; महाराष्ट्र से गुजरात और राजस्थान तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
अब्दुल गनी खान
भिवंडी के भोईवाड़ा पुलिस ने कोडीन फॉस्फेट की कथित अवैध बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए 119 बोतलें जब्त की हैं। जांच में महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों के साथ गुजरात और राजस्थान तक फैले कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को पुलिस कांस्टेबल स्वप्नील सूर्यवंशी को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने सोमवार कीो स्कॉलर स्कूल के पीछे वाली गली में जाल बिछाकर अकबर आदम शाह को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि उसके पास से डॉक्टर के पर्चे और खरीद-बिक्री के बिल के बिना बिक्री के लिए रखी गई कोडीन फॉस्फेट की 119 बोतलें बरामद हुईं।इस मामले में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 123, 275 और 278 तथा एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 8(सी) और 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भिवंडी, कल्याण, पालघर, गुजरात और राजस्थान में टीमें भेजीं। कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें भिवंडी निवासी अकबर आदम शाह, कल्याण निवासी जफर जब्बार रईस, पालघर निवासी वसीम शबीब शेख, कल्याण निवासी अरफात अलाउद्दीन शेख और राजस्थान निवासी अजितकुमार विक्रम सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अजितकुमार विक्रम सिंह बालाजी ट्रेडर्स का प्रोपराइटर है।
पुलिस अब कोडीन फॉस्फेट की बोतलों के आपूर्ति स्रोत, वितरण में शामिल लोगों और कथित नेटवर्क के वास्तविक दायरे का पता लगा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, संयुक्त पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, अपर पुलिस आयुक्त अशोक धुधे, पुलिस उपायुक्त पवन बनसोडे और सहायक पुलिस आयुक्त मिलिंद शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते, सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक जाधव और उनकी टीम शामिल रही।

