हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा, मनपा ने जारी की एडवाइजरी

ठाणे भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: बढ़ती गर्मी के बीच भिवंडी में हीट स्ट्रोक का खतरा तेजी से बढ़ गया है। इसे देखते हुए भिवंडी मनपा प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने खास तौर पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मनपा की ओर से जारी निर्देशों में बताया गया है कि मौसम विभाग ने अप्रैल माह में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हीट वेव की चेतावनी दी है। खासकर कोंकण क्षेत्र में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ेगी, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

                       क्या करें
प्रशासन ने लोगों को अधिक से अधिक पानी और ओआरएस पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने, बाहर निकलते समय टोपी या छाता इस्तेमाल करने और छांव में आराम करने की सलाह दी है। घर को हवादार रखने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है।

                       क्या न करें
एडवाइजरी में दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, शराब और कैफीन वाले पेय पदार्थों से दूरी बनाने, धूप में भारी काम न करने और बच्चों या बुजुर्गों को बंद गाड़ियों में न छोड़ने की हिदायत दी गई है।

मजदूरों और इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए निर्देश
मनपा ने औद्योगिक क्षेत्रों, फैक्ट्रियों और मजदूरों के लिए भी अलग से निर्देश जारी किए हैं। भारी काम सुबह या शाम के समय करने, काम के दौरान छाया और पानी की व्यवस्था रखने, मेडिकल किट और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।

मनपा के जनसंपर्क अधिकारी श्रीकांत परदेशी ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सहयोग करें, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या से बचाव किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *