नाबालिग ‌का जबरन हाथ पकड़ दुकान में की अश्लील हरकत, परिजन ने दुकान में बंद कर पीटा

भिवंडी

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत,10 लोगो पर केस दर्ज

अब्दुल गनी खान
भिवंडी की शांतिनगर स्टेशन क्षेत्र में 16 अप्रैल की रात दो अलग-अलग लेकिन आपस में जुड़े घटनाक्रम सामने आए, जिनसे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। खास बात यह है कि दोनों मामलों में संबंधित पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने दो युवकों पर जबरन दुकान में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, रात करीब 11 बजे सुभाषनगर क्षेत्र में स्थित एक दुकान के पास आरोपी आदर्श शुक्ला और आदर्श वर्मा ने उसे रोका। आरोप है कि एक आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर उसे जबरन दुकान के अंदर खींच लिया, जबकि दूसरे ने बाहर से शटर बंद कर दिया। अंदर कथित रूप से पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें की गईं और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। विरोध करने पर भी आरोपियों ने उसे जाने नहीं दिया। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके आधार पर शांतिनगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 74, 127(2), 3(5) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

दूसरी ओर, इसी घटनाक्रम से जुड़े एक अन्य मामले में आदर्श शुक्ला और आदर्श वर्मा की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता अभिषेक आनंद शुक्ला (24) ने आरोप लगाया है कि रात करीब 10:30 बजे सुभाषनगर स्थित एक दुकान में उनके भाई और उसके मित्र को कुछ लोगों ने बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि एक व्यक्ति ने बेल्ट से और दूसरे ने प्लास्टिक बैट से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में मोहम्मद आहाद इलियास खान, जेद, आरिफ, अल फरदान स्टोर्स का मालिक और उसका भाई, अफरोज नेपाली, अफजल शेख, असद, आजम और अन्य शामिल हैं। कुछ आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। दोनों मामलों की जांच पुलिस उपनिरीक्षक एन. जी. काते कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *