खाड़ीपार इलाके में मूलचंद कंपाउंड स्थित गोदाम आग की चपेट में, धुएं के गुबार से इलाके में अफरा-तफरी
भिवंडी। खाड़ीपार इलाके के मूलचंद कंपाउंड में मंगलवार को एक ऑयल और केमिकल गोदाम में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया और भारी मात्रा में रखा ऑयल व केमिकल जलकर राख हो गया।
घटना के बाद आसमान में काले धुएं के घने गुबार छा गए, जो दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे। इससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, गोदाम में ज्वलनशील केमिकल और ऑयल का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम धधक उठा और आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को भी इलाके में लकड़ी के बखार और प्रोसेस हाउस में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें भारी नुकसान हुआ था। लगातार तीन दिनों में आग की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

