भिवंडी में फिर ‘जिलानी बिल्डिंग’ जैसे हादसे का खतरा? गैबी नगर में अवैध निर्माण पर उठे सवाल

भिवंडी

भिवंडी: शहर में अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गैबी नगर इलाके में एक पुराने पावरलूम कारखाने पर तीसरी मंजिल बनाए जाने का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यहां भी ‘जिलानी बिल्डिंग’ जैसा बड़ा हादसा हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, यह निर्माण ‘अपना अस्पताल’ के सामने, जायका होटल के पीछे स्थित गैबी नगर इलाके में किया गया है। बताया जा रहा है कि 15 से 20 साल पुराने पावरलूम कारखाने की संरचना पर अतिरिक्त मंजिल खड़ी कर दी गई है, जबकि ऐसे औद्योगिक ढांचे पर आवासीय या अतिरिक्त निर्माण पहले से ही नियमों के खिलाफ है।

गौरतलब है कि चर्चित जिलानी बिल्डिंग हादसे के बाद प्रशासन ने पावरलूम कारखानों पर अतिरिक्त मंजिल बनाने पर सख्त पाबंदी लगाई थी। इसके बावजूद इस तरह का निर्माण होना सीधे-सीधे नियमों की अनदेखी माना जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मनपा प्रभाग समिति-2 के अधिकारियों की मिलीभगत से यह अवैध निर्माण हुआ है। खास तौर पर सहायक आयुक्त मनोरे पर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के इतना बड़ा निर्माण संभव नहीं है।

निवासियों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर निर्माण को रोकने और जिम्मेदार अधिकारियों व बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कार्रवाई करता है या फिर किसी हादसे के बाद ही व्यवस्था जागेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *