अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर के निजामपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में लापता हुए युवक की तलाश पुलिस द्वारा तेज कर दी गई है। मामले में परिजनों ने युवक को खोजकर वापस लाने वाले व्यक्ति के लिए ईनाम की भी घोषणा की है, जिससे इलाके में इस केस को लेकर चर्चा और बढ़ गई है।

पुलिस के अनुसार, मिसिंग पर्सन रजिस्ट्रेशन नंबर 0031/2026 के तहत दर्ज मामले में 28 वर्षीय विक्रम जोगाराम कुम्हार 30 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर से निकलने के बाद से लापता हैं।
जानकारी के मुताबिक, विक्रम कुम्हार भिवंडी के ओम साई रेजिडेंसी क्षेत्र में रहते हैं। परिजनों ने बताया कि वह घर से यह कहकर निकले थे कि वह 701 नंबर फ्लैट में किसी रिश्तेदार से मिलने जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने निजामपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक की तलाश के लिए मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में भी पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस बीच परिजनों ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लापता युवक के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस या परिजनों से संपर्क करे। साथ ही उन्होंने सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने वाले व्यक्ति को उचित ईनाम देने की घोषणा की है।
निजामपुरा पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है। पुलिस अधिकारी जाधव और पोहेकॉ टोक्ने इस मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिससे युवक का जल्द पता लगाया जा सके।

