भिवंडी में एग्जॉस्ट फैन पर मनपा सख्त, कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित

भिवंडी

होटल, चाइनीज सेंटर और हाथगाड़ियों को चिमनी लगाने के निर्देश, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

भिवंडी : शहर में सड़क किनारे लगे एग्जॉस्ट फैन अब भिवंडी मनपा प्रशासन के निशाने पर आ गए हैं। नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मनपा ने होटल, चाइनीज सेंटर, फास्ट फूड दुकानों और हाथगाड़ियों के बाहर लगे एग्जॉस्ट फैन हटाकर उनकी जगह चिमनी लगाने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। प्रशासन की इस सख्ती से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।

मनपा प्रशासन के अनुसार शहर के कई इलाकों में खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों ने सड़क की ओर एग्जॉस्ट फैन लगा रखे हैं। इन फैन से निकलने वाला धुआं, तीखी गंध और गैसें सीधे सड़क पर फैलती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार चालकों की आंखों में जलन, चुभन और पानी आने के कारण दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी खाद्य विक्रेताओं को तत्काल प्रभाव से बाहर लगे एग्जॉस्ट फैन हटाने का निर्देश दिया है। उनकी जगह धुआं ऊपर की ओर निकालने वाली चिमनी लगाने को कहा गया है, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मनपा द्वारा गठित विशेष टीम शहर के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण करेगी। टीम न सिर्फ नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच करेगी, बल्कि अवैध तरीके से लगाए गए एग्जॉस्ट फैन हटाने के साथ संबंधित संचालकों पर कार्रवाई भी करेगी।

मनपा प्रशासन ने दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से एग्जॉस्ट फैन हटाकर चिमनी लगवाएं और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *