अब्दुल गनी खान
ठाणे में क्रांतिनगर स्थित के विला परिसर के पास नाले पर बन रहे पुल का अधूरा काम स्थानीय नागरिकों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। बारिश से पहले संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए ठाणे कांग्रेस नेता अॅड. जावेद शेख ने 18 मई 2026 को ठाणे महानगरपालिका आयुक्त और उत्तरशिव प्रभाग समिति को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और एक सप्ताह के भीतर नाले में डाले गए मिट्टी के भराव को हटाने का काम शुरू कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है, लेकिन नाले के किनारे बनाई जा रही सुरक्षा दीवार अब तक अधूरी होने से रहमतनगर और राबोडी इलाके के नागरिकों में डर बना हुआ है। कई घरों के पास की जमीन और किनारे टूटे हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो नाले का पानी सीधे बस्तियों में घुस सकता है।
निवासियों के अनुसार, पिछले वर्ष भी नाले का पानी घरों में घुस गया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था। इस बार भी यदि मानसून से पहले सुरक्षा दीवार और अन्य अधूरे काम पूरे नहीं किए गए तो इलाके में गंभीर जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अड. जावेद शेख ने कहा कि शिकायत के बाद नाले से मिट्टी हटाने का काम शुरू होना सकारात्मक कदम है, लेकिन सुरक्षा दीवार का काम अभी भी अधूरा है। उन्होंने प्रशासन से युद्धस्तर पर शेष काम पूरा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि बारिश के दौरान यदि राबोडी और रहमतनगर में पानी भरता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी ठाणे महानगरपालिका और संबंधित ठेकेदार की होगी।
वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पावसाळे से पहले नाले और पुल से जुड़े सभी अधूरे काम जल्द पूरे किए जाएं, ताकि इलाके को संभावित बाढ़ से बचाया जा सके।

