देवसानी ब्रदर्स के प्रशिक्षण में खिलाड़ियों की शानदार सफलता, महाराष्ट्र का बढ़ाया मान
अब्दुल गनी खान
भिवंडी : राजस्थान के जयपुर स्थित राजस्थान स्काउट गाइड हॉल में मारुति नंदन कराटे एसोसिएशन की ओर से आयोजित “महाराणा प्रताप नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026” उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन सेंसई सिंपल भाटी द्वारा किया गया, जिसमें दिल्ली, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी स्थित ब्रेव युथ मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य प्रशिक्षक देवसानी ब्रदर्स के मार्गदर्शन और कठिन प्रशिक्षण के बल पर खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
अंडर-17 कुमिते 55 किलो एवं 50 किलो वर्ग में धैर्य प्रभाकर नाईक और पार्थ गुरूचरण पांडुरे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर भिवंडी और महाराष्ट्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मास्टर डॉ. राजाराम देवसानी, अशोक देवसानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर देवसानी ब्रदर्स ने कहा कि आज के दौर में मार्शल आर्ट्स केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से अनुशासित और नशे व इंटरनेट की बुरी लत से दूर रखने का प्रभावी जरिया भी है।
उन्होंने कहा कि मार्शल आर्ट्स युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करता है तथा स्वस्थ, सशक्त और अनुशासित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

