भिवंडी के अलग-अलग इलाकों में किशोरी, बुजुर्ग महिला और मां-बेटी के लापता होने के तीन मामले सामने आए हैं। तीनों मामलों में परिजनों की शिकायत पर संबंधित पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस लापता लोगों की तलाश के साथ अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार नारपोली पुलिस स्टेशन अंतर्गत काल्हेर इलाके में 17 वर्षीय लड़की 22 सितंबर की शाम करीब 5:15 बजे अपने छोटे भाई को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। मां की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक शंकर हंगरगे कर रहे हैं।इसी तरह कोनगांव थाना क्षेत्र के रांजनोली गांव से 70 वर्षीय धनपत्ती राजाराम गुप्ता 22 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घर से बिना बताए निकल गईं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। बेटे भरत गुप्ता ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को ले जाने की आशंका जताई गई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अनिल धुमसे कर रहे हैं।
निजामपुरा थाना क्षेत्र के कासार आळी में 23 सितंबर को 36 वर्षीय उमा निकुंज मोरार्या और उनकी 8 वर्षीय बेटी के लापता होने का मामला सामने आया। पति निकुंज मोरार्या के अनुसार, दोनों सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच घर पर नहीं मिलीं। परिजनों ने दोनों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला और फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। पति की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 138 और 140(3) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक सचिन फडतरे मामले की जांच कर रहे हैं।तीनों मामलों में पुलिस ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
“”””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””

*******************”””***”””*”””””””

