अब्दुल गनी
भिवंडी: भिवंडी-वाडा मार्ग पर स्थित कामवारी नदी का पुराना पुल इन दिनों अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की वजह से चर्चा में है। पुल के एक हिस्से पर जहां वाहनों की आवाजाही जारी है, वहीं दूसरे हिस्से पर रिक्शा, ट्रक और अन्य वाहनों की अनधिकृत पार्किंग ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। स्थिति यह है कि यहां रोजाना लंबा जाम लग रहा है और किसी बड़े हादसे की आशंका भी बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर भारी वाहनों और रिक्शों के खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसके चलते पीक आवर्स में वाहन चालकों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता है। नागरिकों का आरोप है कि कई बार आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी इस मार्ग से निकलने में परेशानी होती है।
दरअसल, वाडा रोड पर शेलार ग्राम पंचायत क्षेत्र और भिवंडी शहर को जोड़ने के लिए वर्षों पहले कामवारी नदी पर यह पुल बनाया गया था। पुल संकरा होने के कारण यहां पहले भी ट्रैफिक की समस्या रहती थी। बाद में पुराने पुल के समानांतर नया पुल तैयार किया गया, जिससे यातायात को दो दिशाओं में विभाजित कर राहत देने का प्रयास किया गया। वर्तमान व्यवस्था के तहत पुराने पुल से वाहन वाडा की ओर जाते हैं, जबकि नए पुल से भिवंडी की दिशा में आवागमन होता है।
हालांकि पिछले कुछ महीनों में पुराने पुल के बड़े हिस्से पर अवैध पार्किंग शुरू होने से समस्या फिर गंभीर हो गई है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, पुल पर खड़े वाहन न केवल जाम का कारण बन रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
निवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि रात के समय पुल के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। शराब और नशे के आदी लोगों की मौजूदगी के कारण राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। शाम के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सबसे अहम बात यह है कि पुल से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
नागरिकों ने भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका, यातायात पुलिस और सार्वजनिक बांधकाम विभाग से मांग की है कि पुल पर हो रही अवैध पार्किंग को तत्काल हटाया जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि समय रहते कदम उठाए जाने से न केवल यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकेगा।

