अब्दुल गनी खान
भिवंडी, महेंद्र कुमार। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका की प्रभाग समिति क्रमांक-4 की नवनिर्वाचित चेयरमैन समीना इमरान अंसारी के कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन और जनसमर्थन के बीच किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से खास बना दिया।

समाजसेवक इरफान हदीस अंसारी के आमंत्रण पर आयोजित उद्घाटन समारोह में महापौर नारायण चौधरी, सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा, भाजपा विधायक महेश चौघुले, सपा विधायक रईस कासम शेख, उपमहापौर तारिक मोमिन, शिवसेना (शिंदे गुट) के शहर प्रमुख सुभाष माने, भाजपा शहर अध्यक्ष रवि सावत, कांग्रेस शहर अध्यक्ष आबिद मंशफ समेत कई राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नगरसेवक संतोष शेट्टी, वसीम अंसारी, शकील पापा, जाकिर मिर्जा, दानिश अंसारी और प्रशांत लाड सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। सुबह से ही कार्यालय परिसर में समर्थकों और नागरिकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
उद्घाटन के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रभाग समिति-4 के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विकास योजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। विशेष रूप से सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर इरफान हदीस अंसारी ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान और लोगों की शिकायतों के त्वरित निवारण का आश्वासन दिया।
समारोह के दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कार्यक्रम में विभिन्न दलों के नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने इसे क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का विषय बना दिया है।

