गरीबों के घरों पर बुलडोजर चला तो चुप नहीं बैठेंगे: सांसद सुरेश म्हात्रे

भिवंडी

विकास प्राधिकरण के नक्शे में बदलाव कर बिल्डरों को फायदा पहुंचाने का आरोप

अब्दुल गनी खान
भिवंडी में विकास प्राधिकरण के प्रस्तावित नक्शे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाळ्या मामा ने आरोप लगाया है कि विकास प्राधिकरण की योजना बनाते समय प्रभावशाली और रसूखदार लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके कारण किसी गरीब परिवार का घर प्रभावित होता है तो वे इसका विरोध करेंगे और चुप नहीं बैठेंगे।

मामला शहर के टेमघर इलाके का है। यहां निवासी राजेश म्हात्रे ने आरोप लगाया है कि उनके घर के पास प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई और दिशा में बदलाव किया गया है। उनका कहना है कि पहले सड़क का मार्ग अलग था, लेकिन बाद में इसे उनके घर की ओर मोड़ दिया गया, जिससे उनका मकान प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है। राजेश म्हात्रे ने इस संबंध में सांसद सुरेश म्हात्रे से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद सांसद ने मनपा के नगर रचना विभाग के सहायक निदेशक नितिन जाधव से संपर्क कर मुलाकात का समय तय किया। शुक्रवार को वह भिवंडी मनपा मुख्यालय पहुंचे, लेकिन संबंधित अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसके बाद सांसद ने विभागीय अधिकारी अजय साबले से इस मुद्दे पर चर्चा की।

इस दौरान सांसद सुरेश म्हात्रे ने कहा कि विकास प्राधिकरण की योजना आखिर किसके हित में बनाई जा रही है, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास प्राधिकरण का नक्शा दो बार बदला जा चुका है और यदि किसी को बचाने या लाभ पहुंचाने के लिए बदलाव किए गए हैं तो इसकी कीमत आम नागरिकों को नहीं चुकानी चाहिए।

सांसद ने कहा कि यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने की कोशिश की गई तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों से इस बात का जवाब मांगा जाएगा कि एक सीधी सड़क के मार्ग में बदलाव क्यों किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला बड़े और प्रभावशाली लोगों के साथ मिलीभगत कर आम नागरिकों को परेशान करने का प्रतीत होता है। सांसद ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर स्पष्ट जवाब देना होगा और नागरिकों के हितों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *