भिवंडी के ग्रैंड मास्टर का फिल्मी सफर शुरू, ‘मन्यम राजा’ में निभाएंगे अहम किरदार

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। वर्षों से कराटे और आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने वाले भिवंडी के प्रसिद्ध मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक ग्रैंड मास्टर डॉ. राजाराम देवासानी अब फिल्मी दुनिया में भी अपनी पहचान बनाने जा रहे हैं। उन्हें आंध्र प्रदेश में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म “मन्यम राजा – मैन ऑफ द फॉरेस्ट” में एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए चुना गया है।

इस उपलब्धि से भिवंडी और ठाणे जिले में उनके विद्यार्थियों तथा शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। डॉ. देवासानी लंबे समय से कराटे प्रशिक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं और हजारों युवाओं को आत्मरक्षा की शिक्षा देकर समाज में सकारात्मक योगदान दे चुके हैं।

फिल्म से जुड़े कलाकारों के सम्मान और आईडी कार्ड वितरण के लिए आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित अशोका पब्लिक स्कूल में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक, निर्माता और प्रसिद्ध फाइट डायरेक्टर जानी मास्टर ने कलाकारों को सम्मानपूर्वक आईडी कार्ड प्रदान किए। दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में जानी मास्टर का नाम प्रमुख कोरियोग्राफर और फाइट डायरेक्टर के रूप में जाना जाता है।

बताया जा रहा है कि यह फिल्म आंध्र प्रदेश फिल्म चैंबर के अंतर्गत निर्मित की जा रही है। जंगल, साहस और संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता देखी जा रही है।

डॉ. राजाराम देवासानी ने इस अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यह अवसर सामाजिक कार्यों, खेल गतिविधियों और मार्शल आर्ट्स क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए मिला है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम, अपने विद्यार्थियों, शुभचिंतकों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वे अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे, ताकि भिवंडी और महाराष्ट्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *