विश्व पर्यावरण दिवस पर छात्रों का अनोखा अभियान, प्लास्टिक की बोतलों से तैयार किए 50 पौधे

ठाणे

अब्दुल गनी खान
निळजे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संकल्प संस्था द्वारा संचालित सर्वोदय विद्यालय, रवींद्रनाथ टैगोर न्यू इंग्लिश स्कूल एवं सुमनताई वसंत पाटील कनिष्ठ महाविद्यालय, निळजे के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए 50 देशी वृक्षों के पौधों का रोपण किया।

इस विशेष अभियान की खास बात यह रही कि पौधों की नर्सरी तैयार करने के लिए फेंकी गई प्लास्टिक की खाली बोतलों का उपयोग किया गया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक की बोतलों को बीच से काटकर उनमें मिट्टी भरकर बीज लगाए। बोतल के ऊपरी हिस्से को मौजूदा पेड़ों के पास जल संरक्षण की व्यवस्था के रूप में स्थापित किया गया, जबकि निचले हिस्से में पौधों का संवर्धन किया गया।

संस्था के इस अभिनव प्रयोग ने प्लास्टिक पुनर्चक्रण, पौधों की नर्सरी तैयार करने और जल संरक्षण जैसे तीन महत्वपूर्ण उद्देश्यों को एक साथ जोड़ दिया है। इस तिहरे पर्यावरणीय प्रकल्प के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, इस सतत अभियान के तहत संकल्प सर्वोदय शैक्षणिक संकुल में अब तक लगभग एक हजार पेड़ों का संरक्षण और संवर्धन किया जा चुका है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण हितैषी उपक्रम जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है और इसे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला प्रभावी कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *