अब्दुल गनी खान
भिवंडी,भिवंडी के नवीवस्ती इलाके के नेहरूनगर में एक मामूली विवाद ने शुक्रवार दोपहर अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज, मारपीट और धमकीबाजी हुई। घटना के बाद दोनों तरफ से क्रॉस शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर भिवंडी शहर पुलिस ने कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक छोटी सी कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला की शिकायत पर मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, 45 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 7 जून की दोपहर करीब 2:30 बजे रिपब्लिकन सेना कार्यालय के पास उनके पुत्र आसिफ के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज कर मारपीट की। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और धमकियां दीं।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक आरोपी ने धारदार हथियार जैसी वस्तु से हमला कर घायल किया।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप
वहीं, दूसरी ओर 26 वर्षीय युवक ने भी इसी घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवक का आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने उसे और उसके परिवार को गालियां दीं, मारपीट की और लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
भिवंडी शहर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

