अब्दुल गनी खान
भिवंडी, महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भिवंडी महानगरपालिका के वार्ड क्रमांक-1 स्थित आदर्श पार्क में सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन का उद्घाटन नगरसेविका नेहा काठवले के हाथों किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
स्वखर्च से की गई स्थापना
नगरसेविका नेहा काठवले ने बताया कि यह मशीन उनके स्वखर्च से लगाई गई है। उनका कहना है कि महिलाओं के सम्मान और मासिक धर्म स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने दावा किया कि भिवंडी में इस तरह का यह पहला जनहितकारी उपक्रम है, जो महिलाओं को सैनिटरी कचरे के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
मशीन का किया गया डेमो, दी गई जानकारी
उद्घाटन के बाद उपस्थित महिलाओं को मशीन का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर इसकी कार्यप्रणाली समझाई गई। साथ ही सैनिटरी कचरे के सुरक्षित निपटान, मासिक धर्म स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नगरसेवक मयुरेश पाटील, सामाजिक कार्यकर्ता नवीन काठवले, मनपा स्वास्थ्य निरीक्षक उत्तम एस. जाधव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद थीं।
मनपा स्तर पर विस्तार की मांग
नगरसेवक मयुरेश पाटील ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े ऐसे उपक्रमों को महापालिका स्तर पर भी व्यापक रूप से लागू किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
वहीं स्वास्थ्य निरीक्षक उत्तम जाधव ने नागरिकों से स्वच्छता अपनाने की अपील करते हुए सैनिटरी कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
महिलाओं में उत्साह
इस पहल को लेकर क्षेत्र की महिलाओं में उत्साह देखा गया। उपस्थित महिलाओं ने नगरसेविका नेहा काठवले का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा महिलाओं की स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और सुरक्षित कचरा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

