भिवंडी इमारत हादसे ने उजाड़ दिए एक ही गांव के चार परिवार, दो सगे भाइयों समेत 4 रिश्तेदारों की मौत

भिवंडी

सपा ने बढ़ाया मदद का हाथ, आर्थिक सहायता के साथ शवों को एंबुलेंस से पैतृक गांव भेजा

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी के भंडारी कंपाउंड स्थित गंगारामवाड़ी इलाके में हुए कोहिनूर इमारत हादसे ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के एक ही गांव के चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले 10 लोगों में चार मजदूर एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार थे। इनमें दो सगे भाई, उनका मामा का बेटा और एक अन्य रिश्तेदार शामिल हैं।

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने मदद का हाथ बढ़ाया। सपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी की ओर से मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही शवों को उनके पैतृक गांव पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। इसके बाद मृतकों के शव परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश स्थित उनके गांव भेजे गए।

जानकारी के अनुसार, मृतकों में अशोक कुमार पासवान, उनके सगे भाई राकेश कुमार पासवान, मामा का बेटा मुकेश पासवान और किशन कुमार शामिल हैं। चारों उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे। बताया गया कि वे पिछले कुछ दिनों से भिवंडी की कोहिनूर इमारत में मरम्मत का काम कर रहे थे। गुरुवार रात अचानक इमारत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया और चारों मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि अशोक कुमार पासवान अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी और तीन छोटे बच्चे पूरी तरह उनकी आय पर निर्भर थे। अशोक के भाई राकेश भी उनके साथ काम करते थे। एक ही हादसे में दोनों भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद अशोक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था

     शव गांव भेजना बना बड़ी चुनौती

परिजनों के सामने सबसे बड़ी चुनौती चारों शवों को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की थी। सूत्रों के अनुसार, शवों को उत्तर प्रदेश ले जाने में करीब 1.20 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान था। परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण उनके सामने यह खर्च जुटाना मुश्किल था।

भिवंडी शहर जिला समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अनस अंसारी के अनुसार, जैसे ही उन्हें परिवारों की परेशानी की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी को इसकी जानकारी दी। इसी बीच एमआईएम प्रवक्ता रविश मोमिन ने भी मृतकों के परिवारों की मदद की अबु आसिम आजमी से अपील की।

इसके बाद अबू आसिम आजमी की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ शवों को गांव पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का खर्च भी उपलब्ध कराया गया। इसके बाद चारों शवों को परिजनों के साथ एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव रवाना किया गया। सपा की इस मदद की शहर में सराहना हो रही है।

           10 शव परिजनों को सौंपे गए

वहीं, भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते ने बताया कि 31 जुलाई को ही हादसे में मारे गए सभी 10 लोगों के शव उनके परिजनों और रिश्तेदारों को सौंप दिए गए थे। इनमें से पांच मृतकों का अंतिम संस्कार भिवंडी में किया गया, जबकि पांच शव उनके पैतृक गांव भेजे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *