भिवंडी तालुका की 62 ग्राम पंचायतों के आरक्षण की घोषणा 12 जून को, लॉटरी से होगा फैसला

ठाणे

आदिल नोमानी
भिवंडी, संवाददाता। भिवंडी तालुका की 62 ग्राम पंचायतों के आगामी चुनावों के लिए आरक्षण की घोषणा 12 जून 2026 को की जाएगी। यह आरक्षण लॉटरी पद्धति से तय किया जाएगा। राज्य के गैर-अनुसूचित और आंशिक रूप से अनुसूचित क्षेत्रों में नवगठित ग्राम पंचायतों के आम चुनावों को लेकर प्रशासन ने यह विशेष कार्यक्रम घोषित किया है।
जानकारी के अनुसार, इन ग्राम पंचायतों का कार्यकाल वर्ष 2024 और 2025 में समाप्त हो चुका है, जबकि कुछ का कार्यकाल वर्ष 2026 में समाप्त होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए आरक्षण प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए विशेष बैठक आयोजित की गई है।

      तहसीलदार ने मांगी पुलिस सुरक्षा

भिवंडी के तहसीलदार अभिजीत खोले ने तालुका के सभी पुलिस थानों को पत्र भेजकर इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि 12 जून को होने वाली इस विशेष बैठक में लॉटरी पद्धति से आरक्षण तय किया जाएगा, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त आवश्यक है।
प्रशासन का कहना है कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न न हो।

इन ग्राम पंचायतों का होगा आरक्षण निर्धारण

काल्हेर, सुरई-सारंग, तलवली-अर्जुनाली, नंदकर-सांगे, खंडपे-छिछवाली, खंबाले, सारावली, पिसे-चिराडपाड़ा, कुकसी, भिनार, लामज, येवई-निंबावली, लोनाड, भरोडी, ओवली, गुंडवली, पिंपलनेर, मनकोली, दापोडे, शेलार, पूर्णा, सोनाले, दोहोल, कुरुंद, भदाणे, वडपे, कोशिम्बे, खारबाव, डुंगे, वडघर, कंडाली, पुंडास, वडावली, राहुर, बापगांव-देवरुंग, अंजुर, चावे, दिवे अंजूर, मालोडी, जूनादुर्खी, निवाली, वेहले, केवानी, पदया, बांद्रा, बोरीवली, अलीमघर, पिंपलास, खंडवाल, धामनगांव, वरेट, लखीवली, असनोली, दुगड़, झिडके, पिंपलघर, रांजनोली, अनगांव, महापोली, सवाद और सोनाले सहित कुल 62 ग्राम पंचायतों में आरक्षण तय किया जाएगा।

             ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ा उत्साह

आरक्षण घोषणा की तारीख तय होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित उम्मीदवारों और स्थानीय नागरिकों में चुनाव प्रक्रिया को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। आरक्षण तय होने के बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *