भिवंडी में बार पर पुलिस का छापा, महिला कर्मचारी समेत 30 लोगों पर मामला दर्ज

भिवंडी

कथित अशोभनीय गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई; नकदी जब्त, लाइसेंस और प्रबंधन की भूमिका की जांच शुरू

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर में नियमों के उल्लंघन और कथित अश्लील गतिविधियों को लेकर बारों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में नारपोली पुलिस ने पुराने आगरा रोड स्थित एक बार एंड रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर महिला कर्मचारियों, ग्राहकों और स्टाफ समेत 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बार में नियमों की अनदेखी कर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कथित रूप से अशोभनीय गतिविधियां कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 6 जून की रात पुलिस टीम ने बार में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तेज संगीत के बीच महिला कर्मचारियों को ग्राहकों का मनोरंजन करते हुए पाया गया। पुलिस का आरोप है कि बार प्रबंधन और कर्मचारी आपसी मिलीभगत से ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे।

इस मामले में पुलिस हवलदार संतोष सस्कर की शिकायत पर 24 महिला कर्मचारियों, 4 पुरुष कर्मचारियों, बार मैनेजर, म्यूजिक ऑपरेटर और कैशियर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई के लिए उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 4,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस बार संचालक की भूमिका और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे प्रतिष्ठानों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *