ओबीसी मतदाता संघ से प्रकाश भोईर की उम्मीदवारी को लेकर बोईसर में पदाधिकारियों ने किया मंथन
अब्दुल गनी खान
पालघर: ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की वर्ष 2026 की चुनाव प्रक्रिया को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की ओर से बोईसर स्थित शिवसेना कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मतदाता संघ से पार्टी समर्थित उम्मीदवार प्रकाश शंकर भोईर की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक का आयोजन शिवसेना प्रमुख स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तथा पार्टी प्रमुख Uddhav Thackeray के निर्देशों के अनुसार किया गया।

इस अवसर पर शिवसेना के सचिव एवं पूर्व सांसद Vinayak Raut, पार्टी नेता Amol Kirtikar, उपनेता ज्योति ठाकरे, पालघर जिला प्रमुख प्रथमेश राऊत, भिवंडी शहर प्रमुख मनोज गगे सहित वसई, पालघर, डहाणू और तलासरी क्षेत्र के उपजिल्हाप्रमुख, तालुकाप्रमुख, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।
बैठक में चुनावी समीकरणों, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और उम्मीदवार प्रकाश शंकर भोईर के पक्ष में माहौल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं तक पहुंचने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों के बल पर आगामी ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक के दौरान चुनावी अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के साथ ही विभिन्न जिम्मेदारियां भी पदाधिकारियों को सौंपी गईं।

