भिवंडी: कृषि विभाग की अपील, शेष 8,859 किसान जल्द पूरी करें ‘फार्मर आईडी’ का पंजीकरण

भिवंडी

आदिल नोमानी
भिवंडी – कृषि जनगणना के अनुसार भिवंडी तालुका में कुल 29 हजार 842 प्लॉट धारक किसान हैं, जिनमें से अब तक 20 हजार 983 किसानों ने अपनी ‘फार्मर आईडी’ का पंजीकरण करा लिया है। वहीं, कृषि विभाग ने शेष बचे 8 हजार 859 किसानों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के अपना फार्मर आईडी पंजीकरण जल्द से जल्द पूरा कर लें।


14 अक्टूबर 2024 के सरकारी आदेश के अनुसार, राज्य में एग्रीस्टैक’ योजना चलाई जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी किसान कृषि विभाग की विभिन्न इनपुट और लाभ योजनाओं से वंचित न रहे। इस प्रक्रिया के तहत प्रत्येक किसान की एक विशिष्ट डिजिटल पहचान बनाई जा रही है।
इस आईडी के माध्यम से किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सीधे मिल सकेगा।
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए, भिवंडी कृषि विभाग ने बचे हुए 8,859 किसानों और प्लॉट धारकों जिनमें पीएम-किसान और वन पट्टा धारक किसान भी शामिल हैं, से तुरंत कदम उठाने को कहा है।
किसान बिना किसी लापरवाही के अपने नजदीकी नागरिक सुविधा केंद्र या संबंधित सरकारी एजेंसी के माध्यम से अपनी फार्मर आईडी तुरंत जनरेट करवा लें, ताकि भविष्य में मिलने वाले सरकारी लाभों में कोई रुकावट न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *