भाईचारे के साथ मनाएं मोहर्रम, भड़काऊ पोस्ट से बचें : डीसीपी

भिवंडी

भिवंडी में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, ताजिया जुलूस मार्ग की बाधाएं हटाने और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-2) कार्यालय की ओर से भिवंडी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड ने की। इसमें पूर्व और पश्चिम विभाग के सहायक पुलिस आयुक्तों, नारपोली, भोईवाड़ा, शांतिनगर समेत परिमंडल के छह पुलिस थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों तथा विभिन्न धर्मों के शांति समिति सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों के मार्ग, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जुलूस मार्ग पर मौजूद सभी बाधाओं को समय रहते दूर किया जाएगा। वहीं टोरेंट पावर कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी विद्युत लाइनों से संबंधित अवरोधों को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

बैठक को संबोधित करते हुए डीसीपी डॉ. पवन बनसोड ने कहा कि वह हाल ही में भिवंडी में पदस्थ हुए हैं और यहां के नागरिक शांति तथा भाईचारे के साथ रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भले ही अतीत में कुछ अप्रिय घटनाएं हुई हों, लेकिन पिछले एक दशक से शहर में शांति का माहौल बना हुआ है और भिवंडी विकास तथा सामाजिक सौहार्द की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने आयोजकों और नागरिकों से मोहर्रम पर्व को अनुशासन एवं कानून के दायरे में रहकर मनाने की अपील की। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस अथवा किसी भी धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक पुलिस अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने झंडों की ऊंचाई सीमित रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे बिजली की तारों और अन्य अवरोधों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा।

डीसीपी ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों और संगीत के उपयोग को लेकर भी नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी आयोजकों की जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए उन्होंने नागरिकों से केवल सकारात्मक और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने वाली सामग्री साझा करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले पोस्ट, बैनर, पोस्टर या संदेशों से बचना चाहिए। साथ ही यदि जुलूस में अन्य जिलों या राज्यों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होने वाले हों तो इसकी पूर्व सूचना पुलिस प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने जुलूस मार्ग पर फैले कचरे, मलबे और अन्य अवरोधों का मुद्दा उठाया। इस पर डीसीपी ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

इस बीच भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की अलग बैठक चलने के कारण मनपा अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बैठक में उठाए गए सभी सुझावों और मांगों को महानगरपालिका तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के अंत में शांति समिति के सदस्यों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प व्यक्त किया। डीसीपी डॉ. पवन बनसोड ने भी नागरिकों, मंडलों और आयोजकों से प्रशासन का सहयोग कर भिवंडी की शांति और भाईचारे की परंपरा को कायम रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *