डॉक्टर्स डे पर भिवंडी में बड़ी कार्रवाई: 78 फर्जी डॉक्टरों पर केस, 33 और डॉक्टरों की डिग्रियां जांच के घेरे में

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। ‘राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे’ के अवसर पर भिवंडी में अवैध रूप से चिकित्सकीय प्रैक्टिस करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 78 कथित फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में मामले दर्ज कराए हैं। वहीं, प्रारंभिक जांच में 33 अन्य डॉक्टरों की डिग्रियों पर भी संदेह जताया गया है, जिनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई से शहर के चिकित्सा जगत में हड़कंप मच गया है।

महाराष्ट्र सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवा के उपनिदेशक ने भिवंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महानगरपालिका के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी तथा शहर के 20 नागरिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारियों के साथ मिलकर कई क्लिनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पटेलनगर स्थित डॉ. शफीन खान क्लिनिक, गणेशनगर स्थित आशापुरा क्लिनिक और पद्मानगर स्थित गाजेंगी क्लिनिक में छापेमारी की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गाजेंगी क्लिनिक में बड़ी मात्रा में एलोपैथिक इंजेक्शन और दवाओं का अवैध भंडार मिला। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण के बाद महानगरपालिका मुख्यालय में उपनिदेशक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी, सभी 20 नागरिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि भिवंडी शहर में बिना वैध अनुमति के चिकित्सा व्यवसाय करने वाले 78 कथित फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट, 1961 की धारा 33 और 36 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत संबंधित पुलिस थानों में मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टरों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके आधार पर शहर के 452 डॉक्टरों की सूची तैयार की गई। प्रारंभिक जांच में इनमें से 33 डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता और मेडिकल डिग्री संदिग्ध पाई गई है। उपनिदेशक ने इन सभी मामलों की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।

महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भिवंडी में फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने पंजीकृत और वैध चिकित्सकों से इस अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *