भिवंडी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों के तबादले; विनायक गायकवाड़ को पदोन्नति

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले भिवंडी पुलिस उपायुक्त परिमंडल-2 में पुलिस अधिकारियों के तबादलों और पदोन्नतियों का बड़ा फेरबदल किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कई पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पद पर पदोन्नति मिली है। पदोन्नति के बाद उनकी नियुक्ति पुणे स्थित राज्य पुलिस बल प्रशिक्षण केंद्र में उप-अधीक्षक के रूप में की गई है।

गायकवाड़ के स्थान पर भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक प्रमोद सुदाम कुंभार को शांतिनगर पुलिस स्टेशन का नया वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।

इसी क्रम में शांतिनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) विनोद पाटिल को पदोन्नत कर भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन का वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, शांतिनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक (अपराध) अतुल अडूरकर का भी तबादला भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में किया गया है।

भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते को पदोन्नति देते हुए भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन का वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, कोनगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नेताराम म्हात्रे का तबादला विशेष शाखा में कर दिया गया है। उनकी जगह मुंबई से स्थानांतरित होकर आए मंगेश बोरसे को कोनगांव पुलिस स्टेशन का नया वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकताओं और विभागीय पुनर्गठन का हिस्सा है। सूत्रों का यह भी कहना है कि आने वाले दिनों में भिवंडी पुलिस परिमंडल के अन्य अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *