अब्दुल गनी खान
भिवंडी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से भिवंडी के कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के आयुक्त अनमोल सागर ने बुधवार को शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, बाजारपेठ, नदीनाका और म्हाडा कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का आकलन किया। इस दौरान मुख्यालय उपायुक्त विक्रम दराड़े, उपायुक्त (आपदा प्रबंधन) सपना वसावा, सहायक आयुक्त (स्वास्थ्य) फैसल तातली, प्रभाग समिति क्रमांक-5 के सहायक आयुक्त गिरीश घोष्टेकर तथा शहर विकास प्रमुख समीर जवरे भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पानी भरा हुआ है, वहां तत्काल बैरिकेडिंग की जाए, जल निकासी की व्यवस्था तेज की जाए और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को हर घंटे बाढ़ की स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए, ताकि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि पानी उतरने के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में कीटनाशक एवं रोगनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाए, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका को रोका जा सके। विशेष रूप से एसटी बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्वास्थ्य संबंधी एहतियाती उपाय तत्काल लागू करने को कहा गया है।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों के लिए फूड पैकेट और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने कहा कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर कार्य कर रहे हैं।

