अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी के अंजुर फाटा-चिंचोटी मार्ग पर बुधवार सुबह माल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क के बीचोंबीच ट्रक फंस जाने से कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम में सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंस गए और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।
जानकारी के अनुसार, अंजुर फाटा-चिंचोटी मार्ग पर इन दिनों कंक्रीट सड़क निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। सड़क के एक हिस्से का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे हिस्से में खुदाई का काम जारी है। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब 9 बजे अंजुर फाटा से चिंचोटी की ओर जा रहा मालवाहक ट्रक वड़घर गांव की सीमा में पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क के बीचोंबीच पलट गया।

हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। बारिश और सड़क निर्माण कार्य के कारण पहले से ही यातायात प्रभावित था। ट्रक पलटने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क से हटाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ और कई घंटे बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। ट्रक हटने के बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

