दो नाबालिग किशोरियां लापता,दो थानों में अपहरण के केस दर्ज;

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो नाबालिग किशोरियों के लापता होने के मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दोनों घटनाओं में परिजनों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहला मामला शांतीनगर थाना क्षेत्र के नायगांव-वेतालपाड़ा का है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 17 वर्ष 9 माह की नाबालिग बेटी 6 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में शांतीनगर पुलिस ने गुन्हा क्रमांक 702/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक आनंद राठोड़ कर रहे हैं।

दूसरा मामला भिवंडी शहर थाना क्षेत्र के कामतघर स्थित गणेशनगर का है। यहां एक 48 वर्षीय चालक ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 16 वर्ष 10 माह 19 दिन की बेटी घर से काम पर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने सहेलियों, रिश्तेदारों और विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद भिवंडी शहर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस प्रकरण की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विनोद शेंडकर कर रहे हैं।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि दोनों मामलों में किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिग किशोरियों को बहला-फुसलाकर उनके अभिभावकों की वैधानिक अभिरक्षा से दूर ले जाने की आशंका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *