भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर चोर गिरफ्तार; सेंधमारी और चोरी के 7 मामले सुलझे

भिवंडी

298 ग्राम सोने के आभूषण बरामद, आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं चोरी के 53 मामले

अब्दुल गनी खान भिवंडी

घरफोड़ चोरी और सेंधमारी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष दुंबारे के निर्देश पर अपराध शाखा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 भिवंडी की टीम ने आरोपियों से पूछताछ के बाद ठाणे शहर और भिवंडी समेत विभिन्न इलाकों में हुई चोरी और सेंधमारी के कुल 7 मामलों का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 भिवंडी की टीम ने आरोपी यूसुफ राशिद शेख उर्फ दीपक उर्फ राहुल (42), निवासी एमएचएडीए कॉलोनी, वाशी नाका, चेंबूर, मुंबई और नौशाद मुस्ताक आलम उर्फ सागर (32), निवासी प्रकाश चॉल, कामोठे, नवी मुंबई को गिरफ्तार किया।


जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 298 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 17 लाख 27 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने नारपोली, भिवंडी शहर, बदलापुर और वर्तकनगर पुलिस थाना क्षेत्रों में हुई सेंधमारी और चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ ठाणे, नवी मुंबई, मुंबई, ठाणे ग्रामीण, मीरा-भायंदर और वसई-विरार क्षेत्र में संपत्ति चोरी से जुड़े कुल 53 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 भिवंडी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव और अपराध जांच शाखा-1 के पुलिस उपायुक्त शेखर बागडे के मार्गदर्शन में की। टीम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में बढ़ रही घरफोड़ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और अन्य मामलों की जांच भी तेज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *