मानखुर्द-शिवाजी नगर में महसूल समाधान शिविर, लोगों को सरकारी दस्तावेज और योजनाओं का मिला लाभ

मुंबई

अबू आसिम आज़मी मेडिकल सेंटर में आयोजित शिविर में आधार, राशन कार्ड और डोमिसाइल प्रमाणपत्र से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध

अब्दुल गनी खान

मानखुर्द-शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार की ओर से स्वर्गीय अजित दादा पवार की जयंती के उपलक्ष्य में छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के सहयोग से आयोजित इस जनसेवा शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर का आयोजन अबू आसिम आज़मी मेडिकल सेंटर में किया गया। इस दौरान नागरिकों के आधार कार्ड, राशन कार्ड और डोमिसाइल प्रमाणपत्र बनवाने तथा दस्तावेजों में आवश्यक सुधार कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटिजन कार्ड से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी मिली सहायता

शिविर में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों सहित पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य योजना कार्ड और अन्य आवश्यक सरकारी सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया गया।

आयोजकों के अनुसार, शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक दस्तावेज तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराना था।

    बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ

शिविर में पहुंचे नागरिकों ने अपने दस्तावेजों में आवश्यक सुधार कराने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। आयोजकों का कहना है कि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शिविर का लाभ उठाया और सरकारी सेवाओं से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान कराया।

इस मौके पर कहा गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद नागरिकों तक बिना किसी परेशानी के पहुंचाना प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी क्षेत्र में इसी तरह के जनसेवा और सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों ने कहा कि जनसेवा ही प्राथमिकता है और नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *