भिवंडी में 139वां अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न

भिवंडी

200 से अधिक परिवारों ने तलाशे रिश्ते, युवाओं ने बिना दहेज विवाह और व्यवसाय को दी प्राथमिकता

अब्दुल गनी खान भिवंडी

भिवंडी के महाराजा अग्रसेन भवन में 139वां अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से पहुंचे 200 से अधिक परिवारों ने अपने विवाह योग्य बेटे-बेटियों के लिए योग्य जीवनसाथी की तलाश की। इस दौरान युवाओं ने बिना दहेज विवाह को प्राथमिकता देने का संकल्प जताया, वहीं युवाओं को नौकरी के साथ व्यवसाय की ओर बढ़ने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिजेंसी ग्रुप के प्रबंध निदेशक महेश अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश अग्रवाल परिचय सम्मेलन संस्था की ओर से भिवंडी में आयोजित यह आयोजन समाज को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन सामाजिक समरसता के साथ पारिवारिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजेश ऐरन ने युवाओं से नौकरी तक सीमित नहीं रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को व्यवसाय के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बन सकें। उन्होंने आर्थिक आत्मनिर्भरता को परिवार और समाज की मजबूती के लिए जरूरी बताया।

बिना दहेज विवाह को लेकर युवाओं की पहल

सम्मेलन में कल्याण, ठाणे, अंधेरी, कुर्ला, बोरीवली, पुणे, नागपुर, दिल्ली और अकोला समेत कई शहरों से अग्रवाल समाज के परिवार शामिल हुए। मंच से कई युवकों ने बिना दहेज विवाह करने की इच्छा व्यक्त की, जिसका उपस्थित परिवारों ने स्वागत किया।

सम्मेलन में बिहार से अपनी बेटी नेहा के लिए रिश्ता तलाशने पहुंचे एक अभिभावक ने बताया कि उनकी बेटी जीवनसाथी के रूप में व्यवसायी युवक को भी प्राथमिकता देने के लिए तैयार है। उसके लिए केवल नौकरीपेशा होना जरूरी नहीं है। नेहा की इस सोच की सम्मेलन में मौजूद परिवारों के बीच चर्चा हुई और इसे बदलती सामाजिक सोच का उदाहरण माना गया।

   इन पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

मंच संचालन और युवक-युवतियों का परिचय राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष नीलम शाह, महासचिव बबीता अग्रवाल, उपाध्यक्ष रचना लोहिया, मध्यप्रदेश महामंत्री पूनम अग्रवाल और ग्वालियर अध्यक्ष शैली अग्रवाल ने कराया।

कार्यक्रम के समापन पर कल्याण अग्रवाल समाज की ओर से कुशल अग्रवाल और अनिल बंसल ने ग्वालियर से आए आयोजकों का स्वागत किया और भिवंडी में सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समाजसेवियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी

सम्मेलन में गायक कलाकार साधु तिवारी, प्रदीप रुंगटा, कल्याण अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अनिल कुमार गर्ग, भिवंडी अग्रवाल समाज के अध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल, भूपेंद्र गुप्ता, नितिन पी. अग्रवाल, राजीव गुप्ता, तुलसीराम बंसल, आत्माराम डिडवानिया, अशोक अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, गुलशन बंसल और नितिन सत्यानारायण अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी चुनने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना था। आयोजन सामाजिक सौहार्द, पारिवारिक मूल्यों और वैवाहिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *