भिवंडी के आमपाड़ा-अवचितपाड़ा रोड पर मंगलवार तड़के गाय का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शांतिनगर पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे मकबूल शेठ के बंगले के पास, एशिया मैरिज हॉल के सामने आमपाड़ा से अवचितपाड़ा की ओर जाने वाली सार्वजनिक सड़क पर मोबीन शेठ की दुकान के कंपाउंड के पास गाय का शव पड़ा मिला।
पुलिस कांस्टेबल योगेश्वर केणे शांति नगर पुलिस स्टेशन में बीट मार्शल नंबर-3 के रूप में ड्यूटी पर थे। गश्त के दौरान उन्हें सड़क किनारे गाय का शव दिखाई दिया। पुलिस की शिकायत के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर किसी स्थान पर गाय की हत्या करने के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से वहां फेंका था।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1976 की धारा 5 और 9 के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पुलिस उपनिरीक्षक दीपक यादव कर रहे हैं।

