भिवंडी में एक ही फ्लैट दोबारा बेचने का आरोप, 63 वर्षीय सेवानिवृत्त व्यक्ति से धोखाधड़ी का मामला दर्ज

भिवंडी

भादवड़ की कृष्णाईवाणी बिल्डिंग का मामला, 816 वर्ग फुट के फ्लैट को लेकर शिकायत; शांतिनगर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी के भादवड़ इलाके में एक ही फ्लैट को कथित तौर पर दूसरे लोगों को बेचकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुणे निवासी 63 वर्षीय सेवानिवृत्त व्यक्ति की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पुणे के वानवड़ी गांव निवासी किशोर चंद्रकांत पासलकर (63) ने भिवंडी तालुका के भादवड़ स्थित ‘कृष्णाईवाणी’ बिल्डिंग के बी विंग में फ्लैट नंबर 1201, जिसका क्षेत्रफल 816 वर्ग फुट बताया गया है, की रजिस्ट्री कराकर खरीदारी की थी।

आरोप है कि इसके बावजूद अब्दुल रहीम जहीर अहमद कुरैशी (46) ने उक्त फ्लैट को आशीष और प्रतिमा झा नामक व्यक्तियों को बेच दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह फ्लैट की दोबारा बिक्री कर उनके साथ विश्वासघात किया गया और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

   शांतिनगर पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस मामले में 16 अक्टूबर 2026 को शांतिनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शिकायत स्थानीय आवेदन क्रमांक 425/2026 के आधार पर दर्ज की गई है।
फिलहाल मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस फ्लैट की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
इस मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *