लाला कॉलेज के पास हुआ दर्दनाक हादसा, एक युवक की हालत गंभीर; नायर अस्पताल में भर्ती
अब्दुल गनी खान
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाते समय लाला कॉलेज के सामने, लोटस जेट्टी के पास हुआ। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से तीन को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कोस्टल रोड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना रविवार सुबह करीब 5:20 बजे मिली। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना की वजह कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए नायर अस्पताल भेजा गया।
नायर अस्पताल के सीएमओ से मिली अपडेट के मुताबिक, हादसे में घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें शनाय गज्जल (21) और धिर्या सेठ (17) को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एक करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक को भी अस्पताल में मृत घोषित किया गया। वहीं करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना सुबह 8:40 बजे तक अपडेट की गई थी। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायल युवक की पहचान तथा हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय BMW की गति कितनी थी और चालक का वाहन पर नियंत्रण कैसे छूटा।

