कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल की अध्यक्षता में हुई बैठक, गांव-गांव में जागरूकता फैलाने पर जोर
अब्दुल गनी खान
ठाणे: क्षयरोग यानी टीबी के उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ठाणे जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने की पहल की गई है। इसी कड़ी में मंगलवार, 13 अक्टूबर को जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल की अध्यक्षता में जिला टीबी मुक्त भारत समिति का गठन किया गया। इसका उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाना, टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना और बीमारी के उन्मूलन से जुड़े प्रयासों को मजबूत करना है।

बैठक में राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए डॉ. दिनेश सुतार ने अभियान के महत्व और टीबी उन्मूलन के लिए किए जाने वाले विभिन्न उपायों की जानकारी दी। महाराष्ट्र शासन के स्वास्थ्य सेवा आयुक्तालय, पुणे के निर्देशों के अनुसार गठित इस समिति के माध्यम से विभिन्न विभागों और संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, जिला क्षयरोग नियंत्रण तंत्र, MY Bharat के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और अन्य संबंधित संस्थाएं मिलकर काम करेंगी। इसके अलावा JOSH (जॉइंट स्क्वॉड फॉर हेल्थ) टीम के माध्यम से गांवों में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। टीम नागरिकों से सीधे संपर्क कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देगी और स्थानीय स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करेगी।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने टीबी मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) निधि से हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन और CBNAAT/Truenat जैसी जांच मशीनें खरीदने का सुझाव दिया। इन उपकरणों की उपलब्धता से टीबी की जांच और नियंत्रण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।
जिलाधिकारी ने जिले के संबंधित विभागों और संस्थाओं से समन्वय के साथ काम करने तथा टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन की सलाहकार डॉ. ज्योति सालवे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. दैवशाला बलशेटवाड, सरकारी मेडिकल कॉलेज की प्राध्यापक डॉ. संगीता शेलके और डॉ. शारदा सोनखेडकर, जिला युवा अधिकारी अभिलाष म्हस्के, NCC यूनिट कमांडर बिपिन धुमाले, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के कर्मचारी उपस्थित थे।

