SIR-2026 के तहत मतदाताओं को मिली राहत, अंतिम मतदाता सूची 16 नवंबर को होगी जारी
अब्दुल गनी खान
ठाणे: महाराष्ट्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत प्रारूप मतदाता सूची पर दावा और आपत्ति दर्ज कराने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब नागरिक 26 अक्टूबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दाखिल कर सकेंगे। इससे मतदाताओं को सूची में नाम, विवरण या अन्य त्रुटियों से जुड़े मामलों को उठाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
जिला सूचना कार्यालय, ठाणे की ओर से 13 अक्टूबर को जारी जानकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग और महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से 12 अक्टूबर को प्राप्त आधिकारिक पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। एक अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के लिए यह समयसीमा बढ़ाई गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैशाली माने ने बताया कि दावा-आपत्ति दाखिल करने के लिए नागरिकों को अतिरिक्त समय दिया गया है। हालांकि, प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे तथा अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची 16 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
प्रशासन ने पात्र नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे समयसीमा बढ़ने का लाभ उठाएं और प्रारूप मतदाता सूची से संबंधित अपने दावे तथा आपत्तियां 26 अक्टूबर तक दर्ज कराएं, ताकि मतदाता सूची में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

