पुलिस पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत का आदेश, पेपर लीक नेटवर्क की जांच जा
अब्दुल गनी खान!
महाराष्ट्र के चर्चित TET (टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पेपर लीक मामले में सोमवार को अहम कानूनी घटनाक्रम सामने आया। पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद मामले में गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों को भिवंडी न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने सभी आरोपियों को 17 अगस्त तक न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने का आदेश दिया।

आरोपियों के अधिवक्ता शैलेश गायकवाड़ ने बताया कि सभी आरोपियों को भिवंडी न्यायालय में न्यायाधीश एस. एम. घोडके की अदालत के समक्ष पेश किया गया। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से बताया गया कि हिरासत के दौरान आरोपियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई और पेपर लीक मामले से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए संयुक्त पूछताछ भी की गई।
पुलिस पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को 17 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिवक्ता के अनुसार, अब आरोपियों की ओर से जमानत के लिए अदालत में आवेदन किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले अदालत ने पुलिस की मांग को स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को 3 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा था। इस दौरान जांच एजेंसियों ने आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की और पेपर लीक प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं, आर्थिक लेन-देन और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की।
सोमवार को पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सभी 15 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। जांच एजेंसियां पेपर लीक के पूरे नेटवर्क, कथित आर्थिक लेन-देन और इस साजिश में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में आगे और लोगों के शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

