नागांव में सड़क की बदहाली फिर आई सामने; खाली सिलेंडर होने से बची जानें, लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
अब्दुल गनी खान
भिवंडी की जर्जर सड़कों ने एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। मंगलवार दोपहर नागांव इलाके में सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण खाली गैस सिलेंडरों से लदा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि टेम्पो में रखे सभी सिलेंडर खाली थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पो नागांव क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढे में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टेम्पो पलट गया। पलटते ही दर्जनों खाली गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और सिलेंडरों को दोबारा टेम्पो में भरकर वाहन को सीधा कराया। इसके बाद टेम्पो को गोदाम के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि टेम्पो में भरे हुए गैस सिलेंडर होते तो यह हादसा भयावह रूप ले सकता था। लोगों का आरोप है कि बरसात शुरू होते ही भिवंडी की अधिकांश सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और मनपा प्रशासन की ओर से सड़कों की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने और बारिश के मौसम में सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

